कानपुर देहात: नकली सोने की अंगूठी थमाकर ठग लिए 15 हजार, दोबारा ठगी करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने दबोचकर पुलिस को सौंपा
शिवली पुलिस ने दो शातिर टप्पेबाजों को किया गिरफ्तार, 10 हजार नकद व नकली आभूषण बरामद

कानपुर देहात: जनपद में अपराध और धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शिवली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने नकली सोने की अंगूठी थमाकर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार कर लिया है।
बैरी सवाई निवासी हनीफ मोहम्मद से 18 अगस्त को दो व्यक्तियों ने संपर्क किया और भैंस खरीदने के लिए पैसे कम पड़ने का झांसा दिया। आरोपियों ने अपनी मजबूरी बताकर असली सोने के नाम पर नकली अंगूठी थमा दी और 15,000 रुपए लेकर फरार हो गए। अधिक लालच में आकर आरोपी 20 अगस्त की शाम दोबारा उसी व्यक्ति को ठगने पहुंचे, जहां पीड़ित और स्थानीय ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित की तहरीर पर थाना शिवली में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 10,000 रुपए नकद और एक नकली सोने जैसी दिखने वाली पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान प्रेमशंकर (50 वर्ष) निवासी ग्राम गुलजारी पुरवा, शिवली, कानपुर देहात और योगेन्द्र तिवारी (31 वर्ष) निवासी बिधूना, जनपद औरैया के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त योगेन्द्र तिवारी के खिलाफ औरैया के बिधूना और फफूंद थानों में जालसाजी, मारपीट और एससीएसटी एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार शर्मा और आरक्षी धीरेन्द्र सिंह शामिल रहे।



