परिषदीय शिक्षकों को बड़ी सौगात: 7वें वेतन आयोग के बकाया एरियर भुगतान का रास्ता साफ, वित्त एवं लेखाधिकारी हरिकेश बहादुर ने जारी किया सख्त फरमान
खण्ड शिक्षा अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अतिशीघ्र आगणन भेजने के निर्देश; बजट आवंटन होते ही खातों में पहुंचेगी बकाया धनराशि।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सैकड़ों शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से लंबित 7वें वेतन आयोग के पुनरीक्षित वेतन अवशेष (एरियर) के भुगतान को लेकर वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) हरिकेश बहादुर ने बड़ा कदम उठाते हुए विभाग को अलर्ट मोड पर ला दिया है।
शिक्षक संगठनों और शिक्षकों द्वारा लगातार की जा रही मांग को गंभीरता से लेते हुए वित्त एवं लेखाधिकारी ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके तहत जनपद के समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक स्तर पर लंबित प्रकरणों की तत्काल समीक्षा करें।
यदि किसी भी शिक्षक या शिक्षणेत्तर कर्मचारी का 7वें वेतन आयोग से संबंधित वेतन अवशेष बकाया है तो उनसे बिना देरी किए आवेदन प्राप्त किया जाए और उसका सटीक आगणन तैयार कर अतिशीघ्र वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराया जाए।
ब्लॉक स्तर से यह विवरण मिलते ही निदेशालय को बजट की डिमांड भेजी जाएगी ताकि बजट आवंटित होते ही पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों के खातों में बकाया धनराशि का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। वित्त एवं लेखाधिकारी हरिकेश बहादुर की इस त्वरित पहल से जिले के शिक्षक वर्ग में हर्ष की लहर है।



