कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज
ऑपरेशन मुस्कान के तहत भोगनीपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
मैरिज गार्डन से लापता छह वर्षीय बालिका को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

पुखरायां, अमन यात्रा लाइव: Kanpur Dehat के भोगनीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुखरायां कस्बे से अचानक लापता हुई छह वर्षीय बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। ग्राम अकोढ़ी निवासी सलमान खाँ की पुत्री इनायत कल्ला रोड स्थित हमराज मैरिज गार्डन से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। परिजनों द्वारा अनहोनी की आशंका जताते हुए शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस को लिखित सूचना दी गई, जिस पर संज्ञान लेते हुए भोगनीपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के अंतर्गत तत्काल सघन खोजबीन अभियान प्रारंभ किया।
सूचना मिलते ही पुखरायां चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मैरिज गार्डन सहित आसपास के इलाकों में घेराबंदी की। पुलिस टीम ने बालिका की तस्वीर लेकर स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और क्षेत्रवासियों से संपर्क साधा तथा संभावित मार्गों पर तलाशी तेज की। पुलिस के सतत प्रयासों के फलस्वरूप बालिका हरदुआ पुल के निकट सड़क किनारे सुरक्षित खड़ी मिली। पूछताछ में उसने अपनी पहचान स्पष्ट की, जिसके बाद पुलिस ने बिना विलंब किए उसके परिजनों से संपर्क साधा।
थाना भोगनीपुर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के सुसंगत विधिक प्राविधानों के तहत आवश्यक औपचारिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की और बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मासूम बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर ने बताया कि पुलिस आम जनमानस की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह कटिबद्ध है तथा बालिकाओं एवं महिलाओं से संबंधित मामलों में त्वरित निस्तारण और विधिक कार्यवाही सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जा रही है।



