कानपुर देहात पुलिस की बड़ी कामयाबी शिवली पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार हुई महिला के खाते में वापस कराए हजारों रूपये
प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह और उनकी टीम ने तकनीकी जांच से हासिल की सफलता।

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को एक बड़ी सफलता मिली है। शिवली थाना क्षेत्र के अंतर्गत साइबर ठगी का शिकार हुई एक महिला की शिकायत पर तत्काल एक्शन लेते हुए पुलिस ने ठगी गई राशि का एक बड़ा हिस्सा उसके बैंक खाते में वापस करा दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही से पीड़िता के चेहरे पर खुशी लौट आई है।
घटना के अनुसार ग्राम बाघपुर निवासी प्रीति पत्नी सोमनाथ के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन पार्सल के नाम पर धोखाधड़ी की थी। ठगों ने महिला को डराया कि उसका पार्सल पुलिस ने पकड़ लिया है और इसे छुड़ाने के नाम पर उससे जन सेवा केंद्र के माध्यम से 1,40,000/- रुपये ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने 3 अक्टूबर 2025 को शिवली थाने के साइबर हेल्प डेस्क पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी जांच और त्वरित पैरवी शुरू की। पुलिस की मेहनत रंग लाई और 11 अप्रैल 2026 को पीड़िता के खाते में ठगी गई राशि में से 55,425/- रुपये वापस रिफंड करा दिए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष धनराशि की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे भी वापस करा लिया जाएगा। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़िता ने शिवली पुलिस का आभार व्यक्त किया है।



