कानपुर देहात: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की कार्रवाई, मिठाई और खोया समेत 12 नमूने जांच को भेजे
अकबरपुर और रूरा में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कानपुर देहात। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश और सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय रामअवतार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के 12 नमूने संकलित किए।
विभाग की टीम ने अकबरपुर स्थित बाबा स्वीट हाउस से पनीर, खोया, बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए। प्रेम स्वीट हाउस, अकबरपुर से मिल्क केक, खोया, बूंदी और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे गए। इसी तरह श्री बिहारी जी स्वीट एंड नमकीन, अकबरपुर से खोया और बूंदी के लड्डू तथा रूरा स्थित अनुराग स्वीट हाउस से बूंदी के लड्डू और पेड़ा के नमूने संकलित किए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय रामअवतार सिंह ने बताया कि सभी नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने रक्षाबंधन को देखते हुए आमजन से अत्यधिक रंगीन मिठाइयों का सेवन न करने और खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।



