कानपुर देहात: जिलाधिकारी ने पल्स पोलियो महाअभियान का किया शुभारंभ, शत-प्रतिशत टीकाकरण के दिए निर्देश
19 दिसंबर तक चलेगा अभियान, 650 टीमें घर-घर जाकर करेंगी टीकाकरण
कानपुर देहात: जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आज जिला चिकित्सालय महिला अकबरपुर में पल्स पोलियो महाअभियान का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं बच्चों को दो बूंद पोलियो की पिलाकर अभियान की शुरुआत की।जिलाधिकारी ने उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में शून्य से पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को शत-प्रतिशत पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाए, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि टीकाकरण के उपरांत बच्चों को उपलब्ध कराए गए कार्ड में टीकाकरण का अंकन अनिवार्य रूप से किया जाए।उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को समय से पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें। जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित जनता से अपील है कि दिनांक 14.12.2025 को पल्स पोलियो बूथ पर पहुंच कर अपने बच्चों को पोलिया खुराक अवश्य दिलायें।
उन्होंने कहा कि”दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार”। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एके सिंह ने बताया कि जनपद में आज से दिनांक 19.12.2025 तक पल्स पोलियो महाअभियान चलाया जाएगा, आज 891 बूथों पर पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी। दिनांक 15.12.2025 से 19.12.2025 तक 650 टीमों के द्वारा जनपद के 353500 घरों में घर-घर भ्रमण कर पोलियो खुराक से छूटे हुये 0 से 05 वर्ष तक के बच्चों को प्रतिरक्षित किया जायेगा। जनपद में कुल 284996 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाये जाने का लक्ष्य है। बी० टीम के माध्यम से दिनांक 22.12.2025 दिन सोमवार को छूटे हुये बच्चों को प्रतिरक्षित किया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एके सिंह, डिप्टी सीएम आशीष बाजपेई, महिला चिकित्सालय सीएमएस वंदना सिंह, सीएचसी अकबरपुर एमओआईसी डॉक्टर आईएच खान सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट जारी: 16 दिसंबर तक शीतकालीन मौसम की चेतावनी




