कानपुर देहात: रनिया में बदमाशों ने हाइवे पर व्यापारी से छीनी बाइक व रुपए
टाइल्स कारीगर के घर हुई लूट के बाद रनिया में दूसरी बड़ी घटना से दहशत।

रनियां। बीते बुधवार को रनियां में एक टाइल्स कारीगर के घर हुई लाखों की लूट का खुलासा अभी हो भी नहीं पाया, इसके पहले बदमाशो ने हाईवे पर एक और लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे डाली। रविवार की सुबह थाने पहुंच पीड़ित ने लिखित तहरीर पुलिस को दी। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के परनामिन पुरवा बारा निवासी धर्मेन्द्र सिंह यादव मौरंग गिट्टी का व्यापारी है। पीड़ित के मुताबिक शनिवार की देर शाम वो किसान नगर से वापस घर लौट रहा था। रात ज्यादा होने के कारण रनियां में मयूर फैक्ट्री के सामने रुककर एक ढाबे पर खाना खाया। वहां से फिर बाईक लेकर घर की ओर चला कि तभी उमरन के सामने हाईवे पर एक बाइक पर सवार दो बदमाश उसकी बाईक के सामने आ गये और उसे बाईक रोकनी पड़ी।
लूट के इरादे से आए बदमाशो ने उसके साथ मार-पीट शुरू कर दी और जेब में रखे 11 हजार दो सौ रुपए छीन लिये और उसे सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद बदमाश बाईक और छीने गए रुपए लेकर भाग गए। थोड़ी देर बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उठाकर उसे घर भिजवाया। इस संबंध में एसओ रनिया दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, पीड़ित शराब के नशे में गिर गया है। फिलहाल तहरीर मिली है घटना की जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।जल्द घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।



