कानपुर देहात में सुआ बाबा मंदिर के पास मंगलसूत्र छीनने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 64 हजार नगद बरामद
आरोपी लवकुश ठाकुर पर पहले से हत्या, पॉक्सो, गैंगस्टर और लूट जैसे 12 संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

कानपुर देहात के थाना भोगनीपुर पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही छिनैती और झपटमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी राहगीरों और महिलाओं को निशाना बनाकर सोने के जेवर व नगदी छीनकर फरार हो जाता था। पुलिस ने अभियुक्त के पास से छिनैती के जेवर बेचने से मिले कुल 64,800 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बीते 22 जुलाई 2026 को पुखरायाँ के राजीव नगर निवासी विनीता अग्निहोत्री पत्नी राजकुमार अग्निहोत्री जीजीआईसी रोड स्थित सुआ बाबा मंदिर के पास से गुजर रही थीं। तभी अपाचे मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता की तहरीर के आधार पर भोगनीपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जरैलापुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी
03 अगस्त 2026 को भोगनीपुर पुलिस टीम जब क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम जरैलापुर मोड़ के पास से आरोपी लवकुश ठाकुर पुत्र स्व. बच्चू सिंह सेंगर (निवासी कुटरा मकनपुर, थाना सजेती, कानपुर नगर) को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर उसकी जेब से छिनैती के माल की बिक्री के 64,800 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में उगले कई वारदात के राज
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बांदा के कोतवाली नगर क्षेत्र में अपने साथी के साथ मिलकर जून माह में एक व्यक्ति की सोने की चेन छीनी थी, जिसे 92,000 रुपये में बेचा गया था। उसमें से बचे 60,000 रुपये उसके पास मौजूद थे। इसके अलावा 22 जुलाई को पुखरायाँ में महिला से छीने गए मंगलसूत्र की बिक्री में से मिले हिस्से के 4,800 रुपये बचे थे। आरोपी ने बांदा के रेउना गांव के पास बाइक सवार से बैग छीनने की बात भी कबूली।
पकड़े गए अभियुक्त लवकुश ठाकुर (उम्र लगभग 27 वर्ष) का बेहद आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर कानपुर नगर, कानपुर देहात और बांदा के विभिन्न थानों में रेप, पॉक्सो, हत्या, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और लूट/छिनैती के 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने वाली भोगनीपुर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार रंजन, कांस्टेबल रविकांत, कांस्टेबल सनिल कुमार और कांस्टेबल हर्ष चौधरी शामिल रहे। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की विधिक कार्रवाई कर रही है, वहीं घटना में शामिल उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
ये भी पढे- कानपुर देहात: शिवली में गांजा तस्कर को कोर्ट ने सुनाई सजा, ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बड़ी कामयाबी



