कानपुर

Kanpur Weather : पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना, मौसम विभाग के अनुसार हो सकती है हल्की बूंदाबांदी

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक पुराना पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड से आगे की ओर निकल गया है। इसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों पर सक्रिय चक्रवाती सिस्टम कमजोर हो रहा है

कानपुर, अमन यात्रा । होली और उससे एक दिन पहले मौसम सुहावना हो सकता है। गर्मी, उमस के बीच तेज हवा और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। यह नए पश्चिमी विक्षोभ के बनने से होगा। अभी यह उत्तर भारत से काफी दूर है, लेकिन मौसम विज्ञानी होलिका दहन वाले दिन सक्रिय होने का अनुमान लगा रहे हैं। इसके बाद गर्मी का स्तर बढ़ता चला जाएगा। वातावरण में नमी का स्तर कम होगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक पुराना पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड से आगे की ओर निकल गया है। इसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर पश्चिमी क्षेत्रों पर सक्रिय चक्रवाती सिस्टम कमजोर हो रहा है। उत्तरी केरल से आंतरिक कर्नाटक के ऊपर ट्र्रफ बना है।

बंगाल की खाड़ी के ऊपर विपरीत चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। 25 मार्च के बाद से मौसम साफ हो जाएगा। प्रदेश के पूर्वांचल, बिहार और पूर्वी मध्य प्रदेश, सिक्किम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। दिन का तापमान तेजी से बढ़ेगा, जबकि शाम के समय हल्की राहत मिलेगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.0, न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा 7.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। अधिकतम आर्द्रता 70 फीसद मिली। हवा की दिशा दक्षिण पश्चिमी रही। डॉ. पांडेय ने बताया कि लॉ नीना का असर समाप्त हो गया है। उत्तर पश्चिमी हवा चलेगी, लेकिन उसमें ठंडक कम रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ भी काफी ऊंचाई पर आएंगे। उनका आंशिक असर पहाड़ी क्षेत्रों पर रहेगा।

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button