कानपुर देहात: मूसानगर में आत्महत्या दुष्प्रेरण मामले में पति पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
छोटे भाई की कोर्ट मैरिज के बाद मिल रही धमकियों से तंग आकर युवक ने लगाई थी फांसी, आत्महत्या दुष्प्रेरण के मुकदमे में दो महिलाएं भी शामिल।

कानपुर देहात। जनपद में थाना मूसानगर पुलिस ने आत्महत्या दुष्प्रेरण के मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।मूसानगर कस्बा स्थित गौसगंज में रविवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव उसके घर के पीछे पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला था।मृतक की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई थी।
शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए हंगामा किया था।मृतक की मां शिवकांति के मुताबिक उनके छोटे बेटे अनुज ने 7 अगस्त को मोहल्ले की ही रहने वाली शालू के साथ कोर्ट मैरिज कर ली थी।परिजनों का आरोप था कि इस शादी के बाद से ही लड़की के परिवार वाले उनके परिवार को लगातार गाली गलौज और जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।
इस विवाद को लेकर 12 अगस्त को मूसानगर थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था।लेकिन धमकियों का सिलसिला लगातार जारी रहा।मृतक के भाई सुदीप के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे सुशील से अंतिम बार उनकी बात हुई थी।जिसके बाद उसका फोन नहीं लगा।रविवार सुबह करीब सात बजे उसका शव पेड़ से लटका मिला।पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर महाजन,उसकी पत्नी बेबी और पुत्री काजल के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहे थे।मंगलवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापामारी कर फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।थाना प्रभारी अमिता वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही कर जेल भेजा जाएगा।



