कानपुर देहात: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में राजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे के अंदर 2 आरोपी गिरफ्तार
कानपुर देहात में नाबालिग से दरिंदगी करने वाले रवि नायक और राममूरत को पुलिस ने भेजा जेल, पॉक्सो और बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई
कानपुर देहात: जनपद में महिला संबंधी अपराधों पर रोकथाम और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना राजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना में शामिल दो वांछित अभियुक्तों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
मामले के अनुसार, थाना राजपुर में वादिनी द्वारा 23 अगस्त 2026 को लिखित तहरीर दी गई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि ककरैया निवासी रवि नायक पुत्र चन्द्रपाल सिंह उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को अपने साथी के साथ बाइक से घर छोड़ने भेजा, जहां रास्ते में उसके साथी ने भी दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना राजपुर पुलिस टीम ने त्वरित सुरागरसी करते हुए 24 अगस्त 2026 को नामजद दोनों अभियुक्तों 22 वर्षीय रवि नायक और 29 वर्षीय राममूरत (निवासीगण ग्राम ककरैया, थाना अमराहट) को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों को मुबारकपुर से बदनपुर जाने वाले मार्ग पर बजरंगबली मंदिर के पास और सलेमपुर पुलिया से पकड़ा गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल उदयवीर सिंह शामिल रहे।



