रसूलाबाद में सनसनी: आम के पेड़ पर दुपट्टे से लटका मिला 26 वर्षीय विवाहिता का शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मदारपुर गांव में ट्यूबवेल के पास संदिग्ध हालात में लगाई फांसी, नायब तहसीलदार की मौजूदगी में हुआ पंचनामा
कानपुर देहात। जनपद के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदारपुर में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। rasulabad police kanpur dehat ने घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ट्यूबवेल के पास आम के पेड़ से लटकता मिला शव
मृतका की पहचान मदारपुर गांव निवासी रामबाबू की 26 वर्षीय पत्नी कंचन के रूप में हुई है। कंचन की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व रामबाबू के साथ हुई थी। घटना की जानकारी मृतका के ससुर रामप्रसाद ने रसूलाबाद पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्रवधू ने रात के समय गांव में स्थित पुत्तू शुक्ला के ट्यूबवेल के बाहर आम के पेड़ पर दुपट्टा और रबड़ की पट्टी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली है। सुबह जब ग्रामीणों और परिजनों ने शव को पेड़ से लटकते देखा तो कोहराम मच गया।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एकत्र किए साक्ष्य
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवनारायन सिंह और चौकी प्रभारी कहिंजरी उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता और संदिग्धता को देखते हुए जिला मुख्यालय से फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए। इसके बाद नायब तहसीलदार रसूलाबाद की मौजूदगी में विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरा गया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई
विवाहिता की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक शिवनारायन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



