सर्राफा में चोरी फेल, तो मकान में बोला धावा: रनियाँ में 1.26 लाख की लूट का सनसनीखेज पर्दाफाश, 3 शातिर दबोचे
ताले टूटे नहीं तो बदल दिया प्लान: रनियाँ पुलिस ने घेराबंदी कर 3 लुटेरों को धर दबोचा, अवैध तमंचा और भारी मात्रा में जेवरात बरामद

कानपुर देहात: जनपद की रनियाँ थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को दबोच लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में लूटी गई नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए बदमाशों में से एक के पास से अवैध असलहा और कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सर्राफा दुकान में नाकामी के बाद घर को बनाया था निशाना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बदमाशों ने इस वारदात को अपने साथी अमजद के कहने पर अंजाम दिया था। अमजद ने रनियाँ कस्बे में स्थित मिश्रा ज्वैलर्स की दुकान में चोरी का प्लान बनाया था। 29/30 जुलाई की रात बदमाश चोरी के इरादे से आए थे, लेकिन दुकान का ताला न टूटने के कारण वे दाखिल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने पास ही खेतों में बने एक मकान को निशाना बनाया। घर में घुसकर बदमाशों ने परिजनों के साथ मारपीट की और वहां रखे जेवरात, नकदी तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।
घेराबंदी कर नहर पुल के पास से दबोचे गए अभियुक्त
पीड़ित मकान मालिक की तहरीर पर रनियाँ थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उच्चाधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया था। सटीक सूचना के आधार पर रनियाँ पुलिस टीम ने नारी खेत नहर पुल किशरवल रोड के पास घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अभियुक्तों आस मोहम्मद उर्फ आलू निवासी बदायूँ, राजू शाह उर्फ लहीक निवासी मुरादाबाद और कयूम अली निवासी बरेली को गिरफ्तार कर लिया।
भारी मात्रा में सामान और अवैध असलहा बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के पास से 1 लाख 26 हजार रुपये नकद, 1 सोने की मर्दाना अंगूठी, 1 जनाना अंगूठी, 1 लॉकेट, 3 जोड़ी कान की बाली, 2 जोड़ी चांदी की बिछिया, 7 मोबाइल फोन और पीड़ित की पत्नी का आधार कार्ड मिला। इसके अतिरिक्त अभियुक्त कयूम अली के पास से एक 315 बोर का तमंचा और 3 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिसके आधार पर उस पर आर्म्स एक्ट का अलग से मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार फरार साथी अमजद निवासी मटियामऊ, अकबरपुर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढे- कानपुर देहात: डेरापुर में सड़क हादसे में युवक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम



