कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

स्कूलों में वृक्षारोपण की थर्ड पार्टी मॉनिटरिंग शुरू, बेसिक शिक्षा अधिकारी ने 3 दिनों में मांगी रिपोर्ट

इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने आदेश जारी किया है।

राजेश कटियार, कानपुर देहात। जनपद में पिछले वर्षों में किए गए वृक्षारोपण कार्यों की पारदर्शिता और जमीनी हकीकत परखने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। विभाग द्वारा रोपे गए पौधों का अब तृतीय पक्ष मूल्यांकन कराया जाएगा। यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वन अनुसंधान संस्थान, देहरादून को सौंपी गई है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने आदेश जारी किया है।

यह आदेश जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भेजकर तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।कार्यालय प्रभागीय वनाधिकारी वन प्रभाग से मिले पत्र के बाद यह कार्यवाही शुरू की गई है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2020-21, 2021-22 और 2022-23 के दौरान जितने भी वृक्षारोपण कार्य कराए गए थे उनका मूल्यांकन होना है।

प्रत्येक तहसील और विकासखंड स्तर पर कराए गए कुल वृक्षारोपण स्थलों में से न्यूनतम 5 प्रतिशत स्थलों का चयन रैंडम आधार (लॉटरी या रैंडम सेलेक्शन) पर किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विकासखंड से जुड़ा डेटा 3 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। यह जानकारी एमएस एक्सेल फॉर्मेट में हार्ड और सॉफ्ट कॉपी दोनों में मांगी गई है ताकि इसे समय से वन प्रभाग को भेजा जा सके। रिपोर्ट में तहसील, विकास खंड, ग्राम पंचायत या शहरी निकाय, वृक्षारोपण स्थल का नाम और रोपित किए गए पौधों की कुल संख्या जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों को शामिल करना होगा।

इस औचक मूल्यांकन कार्य को समय से और निष्पक्ष तरीके से पूरा करने के लिए आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी कानपुर देहात और कार्यालय प्रभागीय वनाधिकारी को सादर सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है। इस निगरानी से यह साफ हो सकेगा कि कागजों पर दर्ज वृक्षारोपण हकीकत में जमीन पर कितना कामयाब रहा है।

Related Articles

AD
Back to top button