कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

शादी से 6 दिन पहले युवती की हत्या: झाड़ियों में मिला शव, सिर पर मिले गहरे घाव, 11 अक्टूबर को आनी थी बारात

कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र में मिला सचेंडी की शिवानी का शव, परिजनों ने गांव के दो युवकों पर लगाया हत्या का आरोप

कानपुर देहात। शिवली कोतवाली क्षेत्र के रैपालपुर के पास सड़क किनारे झाड़ियों में सोमवार देर रात एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। shivli police murder case की जांच के दौरान मंगलवार को भाऊपुर चौकी पहुंचे परिजनों ने मृतका की शिनाख्त सचेंडी थाना क्षेत्र के मंगलीपुरवा निवासी 22 वर्षीय शिवानी उर्फ रूबल कमल के रूप में की। मृतका के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि भारी वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई और शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया।

11 अक्टूबर को आनी थी बारात, घर में पसरा मातम

परिजनों के अनुसार शिवानी की शादी तय हो चुकी थी और आगामी 11 अक्टूबर को उसकी बारात आने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मंगलगीत गाए जा रहे थे। शादी से महज छह दिन पहले युवती की हत्या की खबर मिलते ही शादी वाले घर की खुशियां चीख-पुकार और मातम में बदल गईं। मृतका के बाबा गंगा प्रसाद ने बताया कि शिवानी सोमवार को दादानगर (कानपुर नगर) स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटी।

गांव के दो युवकों पर हत्या और दुष्कर्म की आशंका का आरोप

परिजनों ने बताया कि सोशल मीडिया पर शव मिलने की सूचना और तस्वीरों को देखकर वे मंगलवार को भाऊपुर चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने शिवानी के रूप में पहचान की। मृतका के बाबा ने गांव के ही शिवम और अमन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दोनों ने युवती की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपाने का प्रयास किया। परिजनों ने घटना के दौरान अनहोनी और दुष्कर्म की भी आशंका जाहिर की है। परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि वर्ष 2021 में शिवानी के पिता की भी हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद वह निजी कंपनी में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की विधिक कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों और घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।


ये भी पढे- अपाचे बाइक न मिलने पर विवाहिता की हत्या: मंगलपुर पुलिस ने पति, सास और ससुर को किया गिरफ्तार, झींझक के द्वारिकागंज का मामला


Related Articles

AD
Back to top button