पैतृक जमीन पर सहखातेदार ने किया अवैध कब्जा, पीड़ित ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
सिकंदरा तहसील के जगन्नाथपुर का मामला, गाटा संख्या 213 में हिस्सेदारी को लेकर विवाद

कानपुर देहात। सिकंदरा तहसील क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर में पैतृक कृषि भूमि पर एक सहखातेदार द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सिकंदरा को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जगन्नाथपुर निवासी ब्रजेंद्र कुमार पुत्र छेदीलाल ने एसडीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि मौजा जगन्नाथपुर में गाटा संख्या 213, रकबा 0.1606 हेक्टेयर उनकी पैतृक कृषि भूमि है। इसमें वह सहखातेदार के रूप में दर्ज और काबिज हैं। पीड़ित का आरोप है कि इसी भूमि में दर्ज दूसरी सहखातेदार कल्पना देवी (निवासी जगन्नाथपुर) ने उनके आंशिक रकबे (हिस्से) को अवैध रूप से अपने हिस्से में मिला लिया है।
पीड़ित ब्रजेंद्र कुमार ने उपजिलाधिकारी से प्रार्थना की है कि उनके हिस्से की जमीन से कल्पना देवी का अनाधिकृत कब्जा हटवाया जाए और मामले में उचित कार्रवाई की जाए।



