‘SIR’ का मतलब ‘सिर्फ इंडियन रहेंगे’: प्रकाश पाल ने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर साधा निशाना
कानपुर देहात में मतदाता सूची पुनरीक्षण का निरीक्षण, कार्यकर्ताओं को दिया 'योग्य छूटे नहीं, अयोग्य जुड़े नहीं' का मंत्र

कानपुर देहात: भारतीय जनता पार्टी के कानपुर देहात क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मंगलवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत एक आक्रामक और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत देश बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं का नहीं है। उन्होंने SIR अभियान की नई परिभाषा गढ़ते हुए कहा कि इसका मतलब ‘सिर्फ इंडियन रहेंगे’ है। यह बयान उन्होंने रनिया और भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्रों में बूथ निरीक्षण के दौरान दिया।
जिला अध्यक्ष रेणुका सचान के साथ रनिया विधानसभा के अकबरपुर मंडल (बूथ संख्या 160, 161, 162) और भोगनीपुर विधानसभा के पुखरायां मंडल (बूथ संख्या 117) का निरीक्षण करते हुए प्रकाश पाल ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया। उन्होंने वहां हेल्प डेस्क का उद्घाटन भी किया।
सूची शुद्धिकरण का महाअभियान
प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि मतदाता सूची में किसी भी बाहरी व्यक्ति का नाम नहीं होना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि SIR का लक्ष्य केवल सूची का शुद्धिकरण नहीं है, बल्कि अपात्रों को सूची से पूरी तरह बाहर करना है। उनका मंत्र था- अगर चुनाव जीतना है तो यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी योग्य मतदाता छूटे नहीं और किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम जुड़े नहीं।
युवाओं को जोड़ने पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जिन मृतकों के नाम अभी भी सूची में हैं, उन्हें तत्काल हटवाने के लिए युद्ध स्तर पर मुहिम चलाई जाए। साथ ही, 18 साल की उम्र पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनाने के लिए विशेष सहयोग किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिन नामों पर संदेह हो, उनकी गहन जांच करें और टोली बनाकर प्रत्येक बूथ पर संवाद स्थापित करें।
इस दौरान जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने विभिन्न विधानसभाओं में चल रहे कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। निरीक्षण के दौरान अभियान संयोजक रामजी मिश्रा, मंडल अध्यक्ष शिव विलास मिश्रा, मुकुल पांडे, विनय तिवारी, श्यामू शुक्ला, गीता शंखवार, राजेश कश्यप, कृपा शंकर, शनि गुप्ता, रंजीत यादव, अमित त्रिवेदी, प्रमोद त्रिपाठी, आशीष मिश्रा और जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- जनसुनवाई 12 को: महिला उत्पीड़न पर अर्चना मजूमदार करेंगी सुनवाई



