भाई-बहन के अटूट रिश्ते का सम्मान, चन्द्रा फिलिंग स्टेशन ने बहनों को दिया मुफ्त पेट्रोल
रक्षाबंधन के मौके पर, भाई और बहन के पवित्र रिश्ते को सम्मान देते हुए भोगनीपुर के चन्द्रा फिलिंग स्टेशन ने एक दिल छू लेने वाली पहल की।

- रक्षाबंधन पर हेलमेट और DL वाली बहनों को मिला खास तोहफा
सुनीत श्रीवास्तव, पुखरायां– रक्षाबंधन के मौके पर, भाई और बहन के पवित्र रिश्ते को सम्मान देते हुए भोगनीपुर के चन्द्रा फिलिंग स्टेशन ने एक दिल छू लेने वाली पहल की। पेट्रोल पंप के संचालक संकुल मिश्रा ने उन सभी बहनों को 1 लीटर मुफ्त पेट्रोल दिया, जो अपनी स्कूटी या बाइक से भाइयों को राखी बाँधने गई थीं। इस अनोखे तोहफे को पाकर एक दर्जन से ज़्यादा बहनों के चेहरे पर खुशी और उल्लास साफ झलक रहा था।
इस नेक काम में संकुल मिश्रा ने सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा। उन्होंने सरकार के नियमों का पालन करते हुए केवल उन्हीं महिलाओं को पेट्रोल दिया, जिनके पास हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस (DL) था। जिन बहनों के पास ये नहीं थे, उन्हें भी निराश नहीं किया गया। संकुल ने उनसे भविष्य में सुरक्षा नियमों का पालन करने का आग्रह करते हुए उन्हें भी मुफ्त पेट्रोल दिया।
इस योजना का लाभ उठाने वाली महिलाओं में अर्चना द्विवेदी, राधिका पाल, प्रिन्शी श्रीवास्तव, कोमल यादव और रजनी सचान जैसी कई बहनें शामिल थीं।
इस खास मौके पर पेट्रोल पंप के मैनेजर गौरव मिश्रा के साथ-साथ ब्रजेश कुमार, शिवम सैनी, राजेन्द्र सविता, विश्राम यादव, ओमकार यादव, मुदित मिश्रा और लक्ष्य तिवारी जैसे सभी कर्मचारी मौजूद रहे।



