राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा एवं वन अधिकारी परीक्षा–2025 के सफल संचालन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
भी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से क्रियाशील स्थिति में रहें तथा निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की जाए।

कानपुर देहात: आगामी सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा–2025 एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा–2025 को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया गया जिसके प्रथम सत्र में आरपीएस इंटर कॉलेज, रूरा व अकबरपुर डिग्री कॉलेज एवं द्वितीय सत्र में श्री कृष्णा औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्री राम स्वरूप ग्रामोद्योगिक इंटर कॉलेज पुखरायां तथा विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पुखरायां के केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह ने की, जबकि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)अमित कुमार व परियोजना निदेशक वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लोक सेवा आयोग से जनपद कानपुर देहात हेतु नामित समन्वयी पर्यवेक्षक, पवन कुमार सहित जनपद के समस्त केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आयोग द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय परीक्षा का निष्पक्ष, सुचारु एवं नकलविहीन संचालन जनपद प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनपद में कुल 2016 छात्र-छात्राएं दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को जनपद के 05 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अनुशासनहीनता या नकल की घटना पर तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने लोक सेवा आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में समस्त प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूर्ण रूप से क्रियाशील स्थिति में रहें तथा निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। प्रवेश द्वारों पर परीक्षार्थियों की कड़ाई से तलाशी व सत्यापन किया जाए और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति न दी जाए।
सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व व्यवस्थाओं की भौतिक समीक्षा अवश्य करें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतें। केंद्र पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल समन्वयपूर्वक कार्य करें, ताकि कोई अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि परीक्षा दिवस पर केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक सहित सभी कार्मिक समय से पूर्व अपने-अपने केंद्रों पर समय से पहुंच जाएं और तैयारियों की अंतिम समीक्षा कर लें। परीक्षा अवधि के दौरान कंट्रोल रूम से सतत संपर्क बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को परीक्षा दिवस की ड्यूटी, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन, सीलिंग, संप्रेषण प्रक्रिया, आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के उपाय तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे परीक्षा को पूर्ण सतर्कता, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं, जिससे जनपद कानपुर देहात में परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और पारदर्शिता की मिसाल कायम की जा सके।
ये भी पढ़े- स्वदेशी मेले का आयोजन कल से, बस स्टैण्ड, पुखरायां में तैयरियों जोरों पर



