मौसम अलर्ट : यूपी में मानसूनी बारिश का तांडव, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, जानें अपने जिले का हाल
बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी समेत 13 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, प्रदेश में व्यापक मानसूनी सक्रियता के कारण कई इलाकों में भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव और मानसूनी द्रोणी (Monsoon Trough) के अपनी सामान्य स्थिति के करीब से गुजरने के कारण प्रदेश भर में मानसूनी हवाएं बेहद मजबूत हो गई हैं। इसके प्रभाव से आगामी 2-3 दिनों के दौरान तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।
अत्यधिक भारी बारिश वाले क्षेत्र (रेड अलर्ट)
मौसम विभाग के अनुसार बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना है।
भारी से बहुत भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट)
गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, सीतापुर, हरदोई, फर्रूखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और जालौन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी और सुरक्षा सुझाव
मौसम केंद्र लखनऊ ने निचले इलाकों में जलभराव, नदियों-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने का खतरा जताया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान पक्के मकानों में आश्रय लें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। किसानों को भी फसलों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और उर्वरकों का छिड़काव फिलहाल रोकने की सलाह दी गई है।
ये भी पढे- कानपुर देहात में अधेड़ की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड



