औरैया: अछल्दा में झूठा मुकदमा दर्ज कराने वाले अभियुक्त असलहे के साथ दबोचे गए
शिवम उर्फ मनु ने साथी नीटू के साथ मिलकर खुद के हाथ में लगवाई थी गोली।

औरैया: जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी साजिश का भंडाफोड़ किया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। यहाँ एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर विपक्षियों को जेल भेजने के लिए योजनाबद्ध तरीके से खुद के हाथ में गोली मरवाई और फिर चार बेकसूर लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। अछल्दा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को इस झूठे मामले का अनावरण करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित दो अभियुक्तों को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
साजिश: खुद को घायल कर दूसरों पर लगाया आरोप
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 17 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम वैसोली के पास शिवम उर्फ मनु चौहान निवासी दोला को गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शिवम को अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसने वैसोली गांव के ही अमन, विकास, हर्षित और सौरभ पर गोली मारने का आरोप लगाया। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जब जांच शुरू की, तो कड़ियां आपस में नहीं मिलीं। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को शक हुआ कि यह मामला रंजिश के चलते रचा गया एक जाल है।
पुलिस ने ऐसे किया मामले का अनावरण
अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम दिलीपपुर रेलवे अंडरपास के पास से नौनिहाल उर्फ नीटू को गिरफ्तार किया। नीटू की निशानदेही पर झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और चेंबर में फंसा एक खोखा बरामद किया गया। इसके बाद अस्पताल से छुट्टी मिलते ही दूसरे अभियुक्त शिवम उर्फ मनु चौहान को भी ग्राम डुहल्ला से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुला राज: विपक्षी को जेल भेजना था मकसद
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि विपक्षियों से पुरानी रंजिश के चलते उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए यह साजिश रची गई थी। योजना के तहत नीटू ने शिवम के बाएं हाथ में गोली मारी थी ताकि वह गंभीर घायल न हो और मामला जानलेवा हमले का बन जाए। पुलिस ने अब इस मामले में दर्ज धाराओं में बदलाव करते हुए आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है और दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात में महिला छत से गिरकर घायल,हालत गंभीर



