कानपुर देहात में युवती ने पिता व रिश्तेदारों पर लगाए गंभीर आरोप

पुखरायां।कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती ने अपने पिता और कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।युवती ने उन पर मारपीट करने,जान से मारने की कोशिश करने और नगदी व जेवर लूटने का आरोप लगाया है।पुलिस द्वारा कार्यवाही न किए जाने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।युवती जान्हवी पाल के मुताबिक बचपन में ही उनकी मां का निधन हो गया था।जिसके बाद उनका पालन पोषण उनके दादा ने किया।जाह्नवी का कहना है कि इसके बाद उनके पिता ने दूसरी शादी कर ली और वे पानीपत में रहने लगे।पीड़िता के मुताबिक जब उनके दादा उनकी शादी की तैयारी कर रहे थे तभी 28 जून 2026 को उनके पिता,चाची,बुआ और अन्य लोग घर में घुस आए।उन्होंने जाह्नवी के साथ मारपीट की और उन्हें सड़क पर घसीटा।शिकायत के मुताबिक घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।इसी दौरान आरोपियों ने युवती के दादा के घर में तोड़फोड़ की और लगभग एक लाख रुपए नगदी समेत घर में रखे सोने चांदी के जेवरात लूट लिए।पीड़िता के मुताबिक उनके पिता पहले उन्हें दिल्ली और पानीपत ले जाकर प्रताड़ित करते थे और जहर देकर जान से मारने का प्रयास भी किया था।29 जून को एक बार फिर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की कोशिश की गई।बीच बचाव करने आए लोगों को भी धमकी दी गई।युवती का कहना है कि उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की।पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराकर उचित कार्यवाही की जाएगी।



