पुलिस की मानवता पहल: कानपुर देहात पुलिस लाइन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हुआ रक्तदान शिविर का आयोजन
कानपुर देहात: उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, लखनऊ के विशेष निर्देशों के अनुपालन में, आज बुधवार,को जनपद कानपुर देहात की पुलिस लाइन में एक महत्वपूर्ण स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पुलिस बल के सदस्यों को समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का एक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
41 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया रक्तदान
शिविर का आयोजन पुलिस अधीक्षक महोदया, कानपुर देहात, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय की उपस्थिति में हुआ। इस नेक पहल में पुलिस लाइन के 41 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया और सफलतापूर्वक रक्तदान किया। पुलिस कर्मियों ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए मानवता की सेवा का एक सराहनीय उदाहरण पेश किया।
रक्तदान शिविर के आयोजन में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय, कानपुर देहात का सक्रिय सहयोग रहा। चिकित्सा टीम ने पूरी प्रक्रिया को चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित और सुचारु ढंग से संपन्न कराया। रक्तदान से पूर्व सभी दाताओं का अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
चिकित्सा/ब्लड बैंक टीम:
- डॉ. तुषार शुक्ला (इंचार्ज ब्लड बैंक)
- डॉ. पी. के. अग्निहोत्री (मेडिकल ऑफिसर)
- डॉ. अभिषेक गुप्ता, डॉ. मो. जुबैर अंसारी, मनोज कुमार (टेक्निकल सुपरवाइजर), राम कुमार पाण्डेय (डाटा एंट्री), कृष्णा गौतम (स्टाफ नर्स), ममता पटेल (स्टाफ नर्स), शशांक रावत (एल. टी.), सीमा सचान (एल. टी.), सत्यम मिश्रा (एल. टी.), पुष्पेन्द्र चौरसिया (काउंसलर), रजत कुमार (एल. ए.), धर्मेन्द्र कुमार (एल. ए.), और जितेन्द्र यादव (एल. ए.)।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस की सामाजिक भागीदारी पर ज़ोर दिया
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं पुलिस अधीक्षक महोदया, श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सभी रक्तदाता अधिकारियों और कर्मचारियों के इस मानवीय योगदान की सराहना की। उन्होंने चिकित्सा टीम के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि समाज सेवा में भी सक्रिय भागीदारी निभाना है। आज का यह रक्तदान शिविर रक्त की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ऐसे ही सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याण के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करती रहेगी।



