कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला की पहल लाई रंग: रूरा में सपेरा समाज के 26 परिवारों को मिलेगा भूमि का पट्टा, शासनादेश जारी

संयुक्त सचिव ने जिलाधिकारी कानपुर देहात को दिए निर्देश; नगर पंचायत रूरा से अनापत्ति (NOC) प्राप्त कर पट्टा आवंटन की प्रक्रिया होगी शुरू

सुशील त्रिवेदी, कानपुर देहात: लंबे समय से अपने आशियाने की उम्मीद लगाए बैठे सपेरा समाज के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। राज्यमंत्री (बाल कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार) श्रीमती प्रतिभा शुक्ला के प्रयासों के बाद शासन ने कानपुर देहात के नगर पंचायत रूरा क्षेत्र में सपेरा समाज को आवासीय पट्टा देने का रास्ता साफ कर दिया है।
उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव राजेश्वरी प्रसाद ने 14 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी कानपुर देहात को पत्र जारी कर इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। जारी शासनादेश के अनुसार, ग्राम रूरा (तहसील अकबरपुर) के अंतर्गत गाटा संख्या-340क की 0.246 हेक्टेयर भूमि को सपेरा समाज के 26 व्यक्तियों को पट्टे पर आवंटित किया जाना है। इस प्रकरण में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला द्वारा 13 अप्रैल 2026 को पत्र लिखा गया था, जिसके बाद उप जिलाधिकारी अकबरपुर और अधिशासी अधिकारी (नगर पंचायत रूरा) की संयुक्त आख्या शासन को भेजी गई थी।
शासनादेश में यह स्पष्ट किया गया है कि उक्त भूमि राजस्व अभिलेखों में ‘बंजर’ के रूप में दर्ज है, जिसका स्वामित्व राज्य सरकार और प्रबंधन नगर पंचायत रूरा के पास निहित है। संयुक्त सचिव ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया है कि वे नगर पंचायत रूरा से अनापत्ति (NOC) प्राप्त कर लें और सुसंगत नियमों व शासनादेशों के आलोक में सपेरा समाज के लोगों को पट्टा देने की अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करें।
शासन स्तर से इस आदेश के जारी होने के बाद सपेरा समाज के उन 26 परिवारों में एक नई उम्मीद जगी है, जिन्हें अब जल्द ही सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए अपनी खुद की जमीन मिल सकेगी।

Related Articles

AD
Back to top button