कानपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर में शातिर वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: नौबस्ता पुलिस ने 3 बदमाशों को दबोचा, 13 दोपहिया वाहन बरामद

चेचिस नंबर काटकर कबाड़ियों को बेचते थे पार्ट्स, पुलिस ने घेराबंदी कर यशोदा नगर से किया गिरफ्तार

कानपुर नगर में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नौबस्ता पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो न केवल वाहन चोरी करता था, बल्कि उनके पुर्जे काटकर बाजार में खपा देता था। इस कार्यवाही में पुलिस ने 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी के 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कूटी पर सवार कुछ संदिग्ध व्यक्ति किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने यशोदा नगर चौराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर मोहम्मद सलीम, मानू और वाजिद बेग को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से बरामद स्कूटी चोरी की निकली, जिसके बाद पूरी सच्चाई सामने आई।

पकड़े गए अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे कानपुर और आसपास के जिलों से मोटरसाइकिलें और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद ये वाहनों को सीओडी नाले के पास जंगल में छिपा देते थे। वहां वाहनों के इंजन, पेट्रोल टंकी और टायर जैसे महत्वपूर्ण हिस्से काटकर कबाड़ियों को बेच दिए जाते थे। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 9 चोरी की मोटरसाइकिलें, 2 स्कूटी, 4 पहिये, 9 नंबर प्लेट और 2 खुले इंजन बरामद किए हैं। इसके साथ ही 7540 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

मुख्य अभियुक्त मोहम्मद सलीम का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर चोरी और धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उन कबाड़ियों की भी तलाश कर रही है जो इन चोरों से वाहनों के पार्ट्स खरीदते थे। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक सुशील कुमार और अंकित खटाना सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 


ये भी पढे-  नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार


 

Related Articles

AD
Back to top button