कानपुर देहात में होटलों पर प्रशासन का चाबुक, बिना रजिस्ट्रेशन और एनओसी के चल रहे 2 होटल सीज, 6 को नोटिस
एसडीएम देवेंद्र सिंह और सीओ राजीव सिरोही की मौजूदगी में चला चेकिंग अभियान, पुखरायां और भोगनीपुर क्षेत्र में मचा हड़कंप

कानपुर देहात के पुखरायां नगर और भोगनीपुर क्षेत्र की सीमाओं में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब उप जिलाधिकारी (एसडीएम) भोगनीपुर देवेंद्र सिंह और क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजीव सिरोही की अगुवाई में पुलिस बल ने होटलों के खिलाफ बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन और बिना फायर सर्विस की एनओसी (NOC) के अवैध रूप से संचालित पाए गए दो होटलों को पुलिस की मौजूदगी में तुरंत सीज कर दिया गया।
प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले पुखरायां एवं भोगनीपुर सीमा पर लश्करी बाबा के पास स्थित बी०आर० ग्रैंड होटल पर छापा मारा। जांच में होटल बिना वैध पंजीकरण और फायर एनओसी के चलता पाया गया, जिसके मालिक अंकित सचान बताए जा रहे हैं। इसके बाद टीम पुखरायां बाईपास पर भारत गैस एजेंसी के पास स्थित आर०के० होटल एंड रेस्टोरेंट पहुंची। इसके प्रोपराइटर राजकुमार हैं और यह होटल भी बिना कागजातों के अवैध रूप से संचालित हो रहा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों होटलों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
एसडीएम देवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे होटलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। दो होटलों को सीज करने के साथ ही 6 अन्य होटलों—सिखमापुर मोड़ स्थित ओम होटल, हरदुआ मोड़ स्थित स्टार वैली होटल, मुख्य मार्ग स्थित बिदुर कुटी होटल और कान्हा क्रिस्टल होटल—के मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। क्षेत्र में पहली बार हुए इतने बड़े प्रशासनिक एक्शन से होटल मालिकों और प्रबंधकों में अफरा-तफरी का माहौल है।
ये भी पढे- फाइलों में भागीदारी फैसलों में तानाशाही नीति की मेज पर दम तोड़ता संवाद



