कानपुर देहात: मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने जाना भाजपा जिलाध्यक्ष का हाल
विशेष पुनरीक्षण अभियान पर हुई विस्तृत चर्चा
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान के अस्वस्थ होने की सूचना पर पुखरायां स्थित उनके आवास पहुंचकर कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की। मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए कहा कि संगठन की मजबूती में जिलाध्यक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अस्वस्थ होने के बावजूद भी भाजपा जिलाध्यक्ष जनपद में संगठन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों को निरंतर गति दे रही हैं। बीमारी की अवस्था में भी संगठनात्मक दायित्वों का जिस निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन किया जा रहा है, वह अन्य कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान मंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान के बीच जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
दोनों नेताओं ने विधानसभा अकबरपुर क्षेत्र में अधिक से अधिक पात्र एवं नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए हर पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि बउवा पांडेय, रविशशि द्विवेदी, मुन्ना शुक्ला, गुड्डू मिश्रा, बउवन द्विवेदी आदि मौजूद रहे।



