इलाहाबाद-झाँसी स्नातक निर्वाचन: फार्म-18 भरने की प्रक्रिया शुरू, जिलाधिकारी ने दी जानकारी
जालौन में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक; फार्म ऑनलाइन या ऑफलाइन जमा करने की सुविधा
जालौन: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, अर्हता तिथि 01.11.2025 के आधार पर इलाहाबाद-झाँसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के ‘डी-नोवो’ (De-novo) पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों और पदाभिहीत अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित फार्म-18 समस्त पदाभिहीत अधिकारियों के कार्यालयों, तहसील कार्यालयों अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा समूह में फार्मों को जमा नहीं कराया जाएगा। हालांकि, परिवार का मुखिया परिवार के समस्त सदस्यों का फार्म और शैक्षणिक संस्थान अपने छात्रों के फार्मों को समूह में जमा करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि फार्म जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध है। इच्छुक निर्वाचक मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in/ceoupmlc/index.html पर जाकर ऑनलाइन फार्म जमा कर सकते हैं। उन्होंने यह भी अनिवार्य बताया कि ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन फार्म जमा करते समय निर्वाचक की फोटो, स्नातक की मार्कशीट या प्रमाणपत्र को सत्यापित कराकर जमा किया जाना आवश्यक है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार, खण्ड विकास अधिकारी डकोर रमेश चन्द्र शर्मा, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र पाल सिंह, वरिष्ठ सहायक सौरभ गुप्ता के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और कम्यूनिष्ट पार्टी आफ इंडिया (मार्कसिस्ट) के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: श्रद्धालुओं व जनमानस के डूबने व अग्निकाण्ड से सुरक्षा व बचाव हेतु दिशा-निर्देश जारी



