कानपुर देहात- माती रोड पर नियमों की अनदेखी ने ली जान: प्रतिबंधित मार्ग पर दौड़ रहे डंपर ने महिला को कुचला, मौके पर ही दर्दनाक मौत
जिला मुख्यालय मार्ग पर भारी वाहनों की नो-एंट्री के बावजूद धड़ल्ले से दौड़ रहे डंपर, अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जिला अस्पताल मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा

कानपुर देहात: प्रशासनिक लापरवाही और यातायात नियमों की सरेआम उड़ रही धज्जियों की कीमत एक बार फिर एक निर्दोष को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है। कानपुर देहात के जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली माती रोड पर, जहाँ भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू है, सोमवार तड़के एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे चाय की दुकान चलाने वाली 36 वर्षीय अंजू देवी को बेरहमी से कुचल दिया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जिला अस्पताल मोड़ पर हुए इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद करीब एक घंटे तक डंपर महिला के शव के ऊपर ही खड़ा रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तिगांई निवासी अंजू देवी पति से तलाक के बाद अपने मायके में रह रही थीं। वह अपनी मेहनत के दम पर जीवन की जंग लड़ते हुए जिला अस्पताल मोड़ पर चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। रोज की तरह सोमवार सुबह करीब चार बजे वह अपनी दुकान खोलने पहुंची थीं। दुकान की सफाई करने के बाद जैसे ही वह कूड़ा डालने के लिए सड़क पार करने लगीं, तभी मिट्टी से भरे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें रौंद दिया।
इस दर्दनाक घटना ने स्थानीय प्रशासन और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जब माती रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है, तो वीआईपी रूट होने के बावजूद ये डंपर और ट्रक रात-दिन यहाँ कैसे दौड़ रहे हैं? घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। अकबरपुर कोतवाली प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि चालक से पूछताछ की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



