यूपी में शिक्षकों की बंपर भर्ती: शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 12,405 सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए जारी की विज्ञप्ति, दिसंबर में होगी परीक्षा
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी की आधिकारिक विज्ञप्ति, दिसंबर महीने में संपन्न होगी लिखित परीक्षा

राजेश कटियार, प्रयागराज/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए शिक्षक बनने का एक बड़ा और सुनहरा अवसर सामने आया है क्योंकि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 12,405 पदों पर बड़ी भर्ती की आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है। आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से सम्बद्ध प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापक के 897 पदों पर और बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में सहायक अध्यापक के 11,508 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी।
इस बड़ी बहाली से प्रदेश के युवाओं में भारी उत्साह है जो लंबे समय से सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी में जुटे हुए थे। इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आयोग ने कुछ बेहद महत्वपूर्ण नियम और तारीखें भी तय की हैं जिनका उम्मीदवारों को विशेष ध्यान रखना होगा। भर्ती का विज्ञापन आज 15 सितम्बर 2026 को जारी किया गया है जिसके बाद ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया कल 16 सितम्बर 2026 से शुरू हो जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने के लिए 15 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है जबकि अपने प्रपत्र में किसी भी तरह का संशोधन या सुधार करने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उम्मीदवारों को अपनी तैयारी तेज करनी होगी क्योंकि आयोग ने परीक्षा की तारीखें भी घोषित कर दी हैं जो 3 व 4 दिसम्बर 2026 को आयोजित की जाएंगी।
आयोग ने सभी उम्मीदवारों को सख्त हिदायत दी है कि आवेदन करने से पहले उन्हें एक बारगी पंजीकरण की प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा क्योंकि इसके बिना सहायक अध्यापक के इन पदों के लिए प्रपत्र नहीं भरा जा सकेगा।
इसके साथ ही भर्ती के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और पाठ्यक्रम से जुड़े सभी नियमों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक जालस्थल https://upessc.up.gov.in/ पर जाकर डाउनलोड की गई निर्देश पुस्तिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर सकते हैं और तय समय सीमा के भीतर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।



