रूरा में भगवान शालिग्राम-तुलसी विवाह की तैयारियां शुरू, पथमाई मंदिर में संपन्न हुई बैठक
29 अक्तूबर से 5 नवंबर के मध्य होगा भव्य समारोह, 2 नवंबर को नगर में निकलेगी बारात

सुशील त्रिवेदी,कानपुर देहात। नगर पंचायत रूरा में इस वर्ष आयोजित होने वाले भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के वार्षिक विवाह समारोह को लेकर तैयारियां ज़ोरों पर हैं। आयोजन को भव्यता प्रदान करने की रूपरेखा पर चर्चा के लिए नगर के प्रतिष्ठित पथमाई मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आशीष गुप्ता ‘मोनू’ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वार्षिक उत्सव 29 अक्तूबर 2025 से 5 नवंबर 2025 के मध्य आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह की भव्यता को बनाए रखने के लिए नगर के प्रमुख नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ विचार-विमर्श किया गया है। इस बैठक में यह योजना बनाई गई कि नगरवासियों को अधिक से अधिक संख्या में इस पुनीत कार्य में सहभागी बनाया जाए।
आयोजन की मुख्य गतिविधियों के बारे में बताते हुए आशीष गुप्ता ने बताया कि 2 नवंबर को भगवान शालिग्राम की बारात पूरे नगर में भ्रमण करेगी। इसके लिए बारात के मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है।
तैयारी बैठक में मंदिर के पुजारी श्याम शुक्ला, उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला उपाध्यक्ष अवधेश शुक्ला, नगर अध्यक्ष आशुतोष मिश्रा ‘छोटे भैया’, नगर महामंत्री कपिल मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुर्गेश दीक्षित, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश नारायण वर्मा, तथा मंदिर के सदस्य आकाश सिंह, सचिन सिंह, राम अवतार बाजपेई, गोलू अग्निहोत्री और दीप नारायण पांडे सहित अनेक प्रमुख लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़े- मिशन शक्ति अभियान के तहत रूरा पुलिस की बड़ी सफलता



