मुख्य विकास अधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर शहजादपुर का किया औचक निरीक्षण, HPV टीकाकरण और संसाधनों का लिया जायजा
मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने आज स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेन्द्र शहजादपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेन्द्र पर चल रहे HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की और स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का गहन जायजा लिया

- लक्षित आयु वर्ग की कोई भी बालिका इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहे:-मुख्य विकास अधिकारी
कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने आज स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर उपकेन्द्र शहजादपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेन्द्र पर चल रहे HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा की और स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने टीकाकरण रजिस्टर, दवाओं की उपलब्धता और कोल्ड चेन की स्थिति को देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों (एएनएम और आशा बहुओं) को निर्देशित किया कि लक्षित आयु वर्ग की कोई भी बालिका इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की 9 से 14 वर्ष तक की सभी बालिकाओं की स्कूल और ग्राम स्तर पर शत-प्रतिशत मैपिंग की जाए, ताकि कोई भी बालिका छूटे नहीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग शिक्षा विभाग के साथ मिलकर स्कूलों में विशेष कैंप लगवाए जिससे छात्राओं को आसानी से टीका लगाया जा सके। जो बालिकाएं स्कूल नहीं जाती हैं, उन्हें आशा बहुओं के माध्यम से चिन्हित कर केंद्र पर लाया जाए। भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता अभियान: सीडीओ विधान जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस टीके को लेकर यदि कोई हिचक या भ्रांति है, तो उसे दूर करने के लिए एएनएम और आशा कार्यकर्ता ग्राम प्रधानों के साथ बैठक करें और अभिभावकों की काउंसलिंग करें। उन्होंने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने उपकेन्द्र के बुनियादी ढांचे, पेयजल, बिजली आपूर्ति और साफ-सफाई की व्यवस्था को भी बारीकी से देखा। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र में मरीजों और आम जनता के लिए सभी आवश्यक संसाधन दुरुस्त रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि संसाधनों की रखरखाव में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उपकेन्द्र के ड्रग स्टोर का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि मौसमी बीमारियों, प्रसव संबंधी और ओपीडी के लिए आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रहे। ‘एक्सपायरी डेट’ वाली दवाओं को तुरंत हटाने और दवाओं का फर्स्ट-इन, फर्स्ट-आउट रोटेशन बनाए रखने के निर्देश दिए। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी को सन्देश देते हुए कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का मुख्य स्तंभ हैं। HPV टीकाकरण बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाता है। स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम पूरी निष्ठा के साथ इस अभियान को सफल बनाए और केंद्र पर आने वाले हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करे।



