
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा के अंतर्गत शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा (Medical Exam) का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, कुल 2993 सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा प्रदेश के 18 मंडलीय जनपदीय मुख्यालयों के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 15 जून 2026 से आयोजित की जाएगी।
इस चिकित्सा परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ कुछ अनिवार्य मेडिकल जांच रिपोर्ट और दस्तावेज लेकर उपस्थित होना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल जनपद स्तरीय जिला चिकित्सालय द्वारा निर्गत जांच रिपोर्ट ही मान्य होगी, जो चिकित्सा परीक्षा की तिथि से पूर्व विगत 15 दिन की अवधि में जारी की गई हो। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय से अपनी जांचें पूरी करवा लें।
चिकित्सा परीक्षा के समय अभ्यर्थियों को निम्नलिखित मूल दस्तावेज और जांच रिपोर्ट साथ लाना अनिवार्य है: एक्स-रे चेस्ट पीए (X-ray chest PA) रिपोर्ट रूटीन यूरिन (Routine Urine R/M) रिपोर्ट विशेषज्ञों की सलाह सहित ईसीजी (E.C.G. Report with expert opinion) रिपोर्ट सीबीसी (CBC) रिपोर्ट यदि अभ्यर्थी चश्मा या कॉन्टैक्ट लेंस पहनते हैं, तो चश्मा और नेत्र परीक्षण रिपोर्ट
आयोग ने सूचित किया है कि योग्य अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड करने के संबंध में जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से प्रदान की जाएगी। अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट चेक करते रहें।
ये भी पढे- कानपुर देहात के युवाओं के लिए बड़ा मौका, 29 मई को लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला



