करियरउत्तरप्रदेशलखनऊशिक्षा
उत्तर प्रदेश में सहायक आचार्य के 1936 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में 19 और 20 नवंबर को आयोजित होगी लिखित परीक्षा

लखनऊ, अमन यात्रा लाइव : UP Higher Education के अंतर्गत अशासकीय अनुदानित सह-शिक्षा महाविद्यालयों एवं महिला महाविद्यालयों में सहायक आचार्य (असिस्टेंट प्रोफेसर) के 1,936 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती हेतु आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विज्ञापन संख्या 04/2026 के माध्यम से 8 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। उच्च शिक्षण संस्थानों में रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस भर्ती अभियान में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करना होगा।
आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार के अनुसार आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुगम बनाने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की व्यवस्था अनिवार्य की गई है, जिसके बिना कोई भी अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर सकेगा। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 8 सितंबर से शुरू होकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होगी, जिसमें आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 और आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर 2026 नियत की गई है। भर्ती के अंतर्गत लिखित परीक्षा का आयोजन 19 एवं 20 नवंबर 2026 को कराया जाएगा, जिसकी विषयवार और केंद्रवार विस्तृत रूपरेखा आयोग की अधिकृत वेबसाइट पर पृथक से उपलब्ध कराई जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया को शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल निर्धारित शैक्षिक अर्हता एवं पात्रता रखने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन करें। परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधन, फर्जी दस्तावेज अथवा संगठित पेपर लीक जैसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत त्वरित विधिक संज्ञान लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) कानून के कड़े दंडात्मक प्रावधानों के अधीन प्राथमिकियां दर्ज कराई जाएंगी।



