कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर-इटावा हाईवे पर रॉन्ग साइड आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, मामा की दर्दनाक मौत, भांजा गंभीर

डेरापुर थाना क्षेत्र के कांधी बैरियर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा; टाइल्स मिस्त्री का काम करने वाले केशी गांव निवासी मामा-भांजे हुए हादसे का शिकार, परिवार में मचा कोहराम।

डेरापुर (कानपुर देहात): जनपद के डेरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांधी बैरियर के समीप गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार मामा-भांजे को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में मामा की मौत हो गई, जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बरौर थाना क्षेत्र के केशी गांव निवासी 30 वर्षीय दिलशाद टाइल्स मिस्त्री का काम करते थे। उनका 22 वर्षीय भांजा इरशाद भी उनके साथ ही काम करता था। गुरुवार को दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे कांधी बैरियर के पास पहुंचे, तभी सामने से गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों मामा-भांजे सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दिलशाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल इरशाद का सघन इलाज जारी है।
युवक की मौत की मनहूस खबर जैसे ही उसके गांव केशी पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां हसीना सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि करीब तीन साल पहले दिलशाद के पिता इब्राहीम का भी निधन हो चुका है। दिलशाद पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और उसकी छह बहनें हैं। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
डेरापुर थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

AD
Back to top button