कानपुर

Kanpur Weather : आसमान में छाए बादल, तेज हवा से मौसम में आया बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के आसपास सशक्त पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसकी वजह से मौसम में परिवर्तन की संभावना बनी है। तेज हवा के चलते कानपुर और आसपास क्षेत्रों में अलर्ट किया गया है।

कानपुर,अमन यात्रा । मौसम का मिजाज भी पल पल बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आसमान में बदली छाई है। सोमवार को आंधी जैसी तेज हवा चलने से मौसम अचानक बदल गया। फिलहाल मौसम विभाग ने बदली छाई रहने के आसार जताए हैं। मौसम विभाग ने कानपुर, एटा, हाथरस, मेरठ, बागपत, श्यामली, कन्नौज, औरैया, मैनपुरी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, जालौन के लिए अलर्ट जारी किया है। कुछ शहरों में हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में आर्द्रता का स्तर कम होता जा रहा है, जिससे मौसम में गर्माहट होने लगी है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के पास सशक्त पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसकी वजह से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में परिवर्तन नजर आने लगा है। हवा सामान्य से तेज और वर्षा की संभावना है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान के पास चक्रवाती हवा का क्षेत्र विकसित है। एक अन्य चक्रवाती हवा का क्षेत्र मध्य प्रदेश के पास बना हुआ है। दोनों के चलते उत्तर प्रदेश में सामान्य से काफी तेज हवा चलने लगी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा की औसत गति 2.4 किलोमीटर प्रति घंटे रही। अगले कुछ दिन मौसम साफ रहेगा। धूप निकलने के साथ हल्के बादल छा सकते हैं। डॉ. पांडेय के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ 25 मार्च को भी आ सकता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी लिए हवा आना कम हो गई है। इससे आर्द्रता में कमी आ रही है।

 

 

Print Friendly, PDF & Email
AMAN YATRA
Author: AMAN YATRA

SABSE PAHLE

Related Articles

AD
Back to top button