सभी क्षेत्रवासी वोट बनवाने में चुनाव आयोग का सहयोग करें: राघव अग्निहोत्री
सपा नेता ने जारी किया मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं से 'बूथ सबसे मजबूत' बनाने की अपील

पुखरायां, कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी (सपा) के भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी नागरिकों से सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की प्रगति के लिए वोट बनवाना हम सभी का अधिकार और जिम्मेदारी है।
पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियाँ जारी
राघव अग्निहोत्री ने बताया कि अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर जनपद की समस्त विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण का कार्यक्रम शुरू हो चुका है, जिसकी प्रमुख तिथियाँ इस प्रकार हैं:
| गतिविधि | अवधि |
| गणना अवधि | 04.11.2025 से 04.12.2025 तक |
| निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन | 09.12.2025 |
| दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि | 09.12.2025 से 08.01.2026 तक |
| दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण | 09.12.2025 से 31.01.2026 तक |
| निर्वाचक नामावली का अतिंम प्रकाशन | 07.02.2026 |
‘बूथ सबसे मजबूत’ पर जोर
सपा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं व जिम्मेदार साथियों से आग्रह किया कि सभी लोग ‘अपना बूथ सबसे मजबूत’ के तहत अपने-अपने बूथ पर सभी लोगों के वोट को अपनी जिम्मेदारी समझकर बनवाने का काम करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कार्यकर्ता वोट बनवाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, तो निश्चित ही आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में सफल होंगे।
वोट बनवाने की प्रक्रिया समझाई
राघव अग्निहोत्री ने समस्त क्षेत्रवासियों से निवेदन करते हुए कहा कि सभी लोग अपना वोट बीएलओ (BLO) के माध्यम से बनवाने की कृपा करें। उन्होंने नागरिकों को यह भी याद दिलाया कि बीएलओ से फार्म प्राप्त करना और फार्म जमा करके रिसीविंग लेना स्वयं की जिम्मेदारी है। उन्होंने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा संविधान के तहत दिए गए इस वोट के अधिकार का उपयोग करने का आह्वान किया।



