कानपुर देहात में गेंद निकालने तालाब में उतरे मासूम की कटीं उंगलियां,हालत गंभीर
भेजा गया जिला अस्पताल, खेलते समय हुआ हादसा

कानपुर देहात में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।मंगलपुर थाना क्षेत्र के मंगलपुर कस्बे में गेंद निकालने तालाब में उतरे एक मासूम की तीन उंगलियां किसी धारदार वस्तु से कट गईं।गंभीर रूप से घायल मासूम को हवासपुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के पश्चात जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
मंगलपुर निवासी शिवा का छह वर्षीय पुत्र चीकू रविवार दोपहर घर के बाहर गेंद खेल रहा था।खेलते खेलते गेंद पास के तालाब में जा गिरी।चीकू गेंद निकालने के लिए तालाब में उतरा।जहां उसके बाएं पैर की तीन उंगलियां कट गईं।घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए।जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।परन्तु बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ।
रविवार रात करीब आठ बजे परिजन उसे पुनः उसी अस्पताल ले गए।जहां चिकित्सक ने उन्हें बच्चे को सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी।इसके बाद परिजन चीकू को हवासपुर सीएचसी ले गए।जहां मौजूद चिकित्सक ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के पश्चात चीकू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उंगली कटने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।परिजनों और ग्रामीणों का अनुमान लगाया कि तालाब में पड़ी किसी धारदार वस्तु या कांच के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ होगा।
ये भी पढ़ें: औरैया: वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति का 18वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न



