कानपुर में जाम से मिलेगी मुक्ति: डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने लॉन्च की आरटीसी (RTC) स्कीम, 14 प्रमुख चौराहों पर तैनात होंगे रूट मार्शल
सड़क पर उतरेंगे 16-16 रूट मार्शल: कानपुर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान

कानपुर नगर। डीजी परिपत्र संख्या 23/26 के अनुपालन में पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार द्वारा शहरवासियों को भीषण जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में ट्रैफिक कंजेशन को कम करना और औसत ट्रेवल टाइम में सुधार लाना है। इस दौरान शहर के 14 अति व्यस्तम चौराहों और तिराहों पर सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन यानी आरटीसी स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को रूट मार्शल के रूप में नामित करते हुए कई कड़े दिशा निर्देश प्रदान किए। योजना के तहत प्रत्येक चिन्हित चौराहे और तिराहे पर 16 रूट मार्शलों की तैनाती की गई है। इन रूट मार्शलों को समयबद्ध रूप से अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है ताकि सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी प्रभावी रूप से दिखे। अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि पीक ऑवर्स के दौरान यातायात के सुचारु संचालन हेतु विशेष निगरानी रखी जाए जिससे वाहन चालकों को जाम में न फंसना पड़े।
बैठक में अवैध पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त प्रवर्तन की कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि आरटीसी स्कीम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए शहरवासियों को जाम की चिरपरिचित समस्या से स्थाई राहत दिलाई जाए। यातायात पुलिस की इस सक्रियता से शहर की सड़कों पर व्यवस्था में सुधार होने और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है। बैठक के अंत में सभी रूट मार्शलों को पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी निभाने की शपथ दिलाई गई।



