कानपुर देहात में बाइक व ओमनी कार की भिड़ंत,तीन घायल
हादसे में बाइक सवार की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती।

कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के बनीपारा रूरा रोड पर जग़नपुर गांव के पास एक ओमनी कार और मोटरसाइकिल की आमने सामने भिड़ंत में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।जबकि ओमनी चालक वाहन में फंस गया।हादसे की जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे चालक को बाहर निकाला।
जिसके बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।ओमनी कार चालक की पहचान घाटमपुर के शंकरपुर निवासी रंजीत कुशवाहा के रूप में हुई है।वे अपनी पत्नी शशि और दो छोटे बच्चों के साथ बहन पूजा को छोड़ने उसकी ससुराल देवरा गए थे।बहन को छोड़कर घर वापस आ रहे थे तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।जबकि कार सवार महिला शशि व रंजीत कुशवाहा को भी चोटें आईं हैं।गाड़ी में मौजूद दोनों बच्चों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक स्थानीय क्षेत्र का बताया जा रहा है।लेकिन घटना के समय उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़े- कानपुर देहात: सहायक लिपिक के एक रिक्त पद पर संविदा के आधार पर नियुक्ति हेतु करे आवेदन



