डेरापुर में अकीदत के साथ मनाया गया ईद उल अज़हा का पर्व, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
ईदगाह और ऐतिहासिक मस्जिद में अदा की गई नमाज, देश में अमन-चैन और भाईचारे की मांगी गई दुआ

डेरापुर। कस्बे में गुरुवार को ईद उल अज़हा का पर्व धार्मिक आस्था, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही नए परिधानों में सजे बच्चे, युवा और बुजुर्ग नमाज अदा करने के लिए ईदगाह और मस्जिदों की ओर रवाना हुए। डेरापुर स्थित मुख्य ईदगाह में हाफिज रजा हसन ने नमाज पढ़ाई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
वहीं कस्बे की ऐतिहासिक हज़रत शेख़ शादी रहमतुल्लाह अलैह की मस्जिद में मौलाना मुन्नवर ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली की दुआएं मांगी। बच्चों में ईदी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क रहा। उप जिलाधिकारी शालिनी उत्तम, क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा एवं कोतवाल धीरेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ नमाज स्थलों पर मुस्तैद रहे और लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। पूरे क्षेत्र में त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस दौरान पूर्व चेयरमैन गुड्डू फौजी, प्रभाकर मिश्रा लाला, हिम्मत सिंह यादव, अनिल यादव, सगीर अहमद, तारिक निजामी, मो. जावेद सहित दोनों समुदायों के अनेक गणमान्य लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई देकर भाईचारे की मिसाल पेश की।
ये भी पढे- कानपुर देहात: अनन्तापुर में माखन चोरी,गोवर्धन पर्वत की कथा सुन श्रोता हुए भावविभोर



