कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

कानपुर देहात: कानपुर जोन की 28वीं पुलिस खेल प्रतियोगिता का समापन, कानपुर नगर बना विजेता

नौ जनपदों की पुलिस टीमों ने मार्च पास्ट और खेल स्पर्धाओं में लिया भाग।

कानपुर देहात के स्पोर्ट्स स्टेडियम माती में आयोजित कानपुर जोन की 28वीं अन्तर जनपदीय पुलिस (महिला एवं पुरुष) हैण्डबॉल कलस्टर (हैण्डबॉल एवं बास्केटबॉल) प्रतियोगिता वर्ष-2026 का बुधवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चली इस खेल स्पर्धा में पुलिस बल के जवानों और महिला कर्मियों ने अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।

16 मार्च से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में कानपुर जोन के सभी नौ जनपदों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें कमिश्नरेट कानपुर नगर सहित इटावा, औरैया, फतेहगढ़, कन्नौज, झांसी, जालौन, ललितपुर और मेजबान कानपुर देहात की टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन के दौरान सभी टीमों ने अनुशासित मार्च पास्ट में भाग लिया और खेल भावना की शपथ ली।

प्रतियोगिता के अंतिम दिन वॉलीबॉल पुरुष वर्ग का फाइनल मैच जनपद कानपुर देहात और कानपुर नगर के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा रहा, लेकिन कानपुर नगर की टीम ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी। अंततः कानपुर नगर ने कानपुर देहात को 21-10 के अंतर से हराकर विजेता ट्रॉफी पर अपना अधिकार सुरक्षित किया। खिलाड़ियों के बीच मैदान पर जबरदस्त तालमेल और प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पाण्डेय ने विजेता और उपविजेता टीमों के सदस्यों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं न केवल शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक होती हैं, बल्कि पुलिस बल में आपसी समन्वय, टीम भावना और अनुशासन को भी मजबूत करती हैं।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन्स प्रिया सिंह, प्रतिसार निरीक्षक लाइंस प्रेमचन्द्र शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कार देकर उनके मनोबल को बढ़ाया गया।

ये भी पढ़े- कानपुर देहात: यमुना नदी के किनारे मिला अज्ञात महिला का शव, जलप्रवाह की आशंका

aman yatra
Author: aman yatra

Related Articles

AD
Back to top button