कानपुर देहात: शिवली पुलिस की बड़ी कामयाबी, हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोपी गिरफ्तार; शांति भंग में 14 का चालान
जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को शिवली पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि जनपद के विभिन्न थानों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है।
शिवली थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अपराध संख्या 371/25 से संबंधित अभियुक्त नीलू पुत्र विनोद कुमार गौतम उर्फ छोटे को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त बिहारीपुरवा, थाना शिवली का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, उस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और 238(क) (साक्ष्य मिटाना) के तहत गंभीर आरोप हैं। पुलिस ने विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
जनपद में अमन-चैन कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस ने एक ही दिन में 14 अराजक तत्वों के खिलाफ शिकंजा कसा है। इन सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत चालान किया गया है।
पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर कार्रवाई की है। इसमें रनियां पुलिस ने सर्वाधिक 4 व्यक्तियों का चालान किया। इसके अलावा गजनेर, भोगनीपुर और शिवली पुलिस ने 2-2 व्यक्तियों पर कार्रवाई की। वहीं, मूसानगर, राजपुर, मंगलपुर और रसूलाबाद पुलिस ने 1-1 व्यक्ति का चालान किया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



