बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद — कालपी विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की मुआवज़े की मांग
धान, मटर, मसूर और चना की फसलें नष्ट; तत्काल सर्वे कराकर राहत राशि देने की मांग

कालपी (जालौन)। जिले में पिछले दिनों हुई लगातार भारी बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी खरीफ और बुवाई की रबी फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। इसी गंभीर हालात को देखते हुए कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों के लिए मुआवज़ा दिलाने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कालपी तहसील क्षेत्र सहित पूरे जनपद में मटर, मसूर और चना जैसी रबी फसलें पानी में डूबकर पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। वहीं खरीफ की धान और तिलहन फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि तत्काल सर्वे कराकर फसल क्षति का आंकलन किया जाए और पात्र किसानों को शीघ्र राहत राशि प्रदान की जाए।
विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि किसानों की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। लगातार हो रही बारिश ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को हिला कर रख दिया है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसानों के हित में तत्काल राहत कार्य शुरू किए जाएं, ताकि वे दोबारा खेती के लिए तैयार हो सकें और उनके सामने आजीविका का संकट न खड़ा हो।
“किसानों को उनकी मेहनत का पूरा हक मिलना चाहिए। प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में सरकार को संवेदनशील होकर त्वरित सहायता उपलब्ध करानी चाहिए,” — विनोद चतुर्वेदी, विधायक कालपी



