कानपुर देहात: इंस्टाग्राम पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी का आरोप, मुकदमा दर्ज
शिकायतकर्ता ने एक इंस्टाग्राम आईडी से की गई टिप्पणी को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी।

डेरापुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने, आपत्तिजनक टिप्पणी करने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाते हुए थाना डेरापुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। शिकायतकर्ता ने एक इंस्टाग्राम आईडी से की गई टिप्पणी को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी।
तहरीर के अनुसार, शिकायतकर्ता की इंस्टाग्राम पर snatan_dhram_rakshak_up77_1001 नाम से आईडी है। शिकायतकर्ता ने 7 अगस्त 2026 को अपनी आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि 8 अगस्त को वीडियो की जांच करने पर tanzim_Official नाम की आईडी से आपत्तिजनक कमेंट किया गया।
शिकायतकर्ता रोहित कुमार का आरोप है कि कमेंट में एक धर्म/समुदाय के प्रति अपमानजनक एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। साथ ही धार्मिक भावनाओं को आहत करने तथा विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य और उन्माद उत्पन्न करने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि टिप्पणी में हिंसा के लिए उकसाने वाले शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली इंस्टाग्राम आईडी के संचालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।



