रसूलाबाद में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत,एक गंभीर
घर लौटते समय हुआ हादसा, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस कार्यवाही में जुटी

कानपुर देहात में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसा बिल्हौर रसूलाबाद मार्ग पर असालतगंज चौकी के पास हुआ।शाहबाजपुर गांव निवासी राजेश 50 वर्ष अपने चचेरे भाई अनिल उर्फ बबलू 40 वर्ष के साथ असालतगंज से घर लौट रहे थे।
चौबेपुर गांव के पास वे पेशाब करने के लिए रुके तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।जबकि अनिल उर्फ बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।जहां मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत राजेश को मृत घोषित कर दिया वही घायल अनिल का उपचार जारी है।हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे राजेश के परिजनों में कोहराम मच गया।राजेश अपने पीछे पत्नी सुमन,छः पुत्रियां जिनमें चार विवाहित हैं और 18 वर्षीय पुत्र भोला को छोड़ गए हैं।
उनकी दो पुत्रियां सोनाली और अंशिका अविवाहित हैं।राजेश खेती किसानी और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कि भेजा गया है।फरार चालक की तलाश की जा रही है।तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।



