पत्नी की छत से ढकेलकर हत्या करने वाला पति चंद घंटों में गिरफ्तार, रनिया पुलिस की बड़ी कार्यवाही
जनपद के थाना रनिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम किशरवल में आपसी विवाद के चलते एक पति द्वारा अपनी पत्नी की छत से ढकेलकर निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है

कानपुर देहात। जनपद के थाना रनिया क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम किशरवल में आपसी विवाद के चलते एक पति द्वारा अपनी पत्नी की छत से ढकेलकर निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई रनिया पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य अभियुक्त ऋषभ शर्मा (33 वर्ष) को महज कुछ ही घंटों के भीतर उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि उन्नाव निवासी शिव सुमिरन शर्मा ने तहरीर दी थी कि उनके दामाद ने उनकी पुत्री रीता शर्मा (32 वर्ष) के साथ मारपीट कर उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर मुखबिर की सटीक सूचना पर अभियुक्त को दबोच लिया। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम के नेतृत्व वाली टीम ने अभियुक्त की निशांदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सनी ईंट, प्लास्टिक का डंडा और अभियुक्त के खून लगे कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही पूर्ण कर अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।



