डेरापुर में मारपीट कर युवक की हत्या,आरोपी फरार
इलाके में फैली सनसनी, अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज, पुलिस गहराई से छानबीन में जुटी

कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के खिरवां गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने एक युवक की लाठी डंडों से मारपीट कर हत्या कर दी।सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों के अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई है।मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह दिवाकर के 20 वर्षीय पुत्र शिवा उर्फ गोलू के रूप में हुई है।परिजनों के मुताबिक बीती बुधवार की देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने किसी बात को लेकर शिवा उर्फ गोलू को खेत में ले जाकर उसे लाठी डंडों से मारपीट कर मरणासन्न कर दिया।तत्पश्चात आरोपी उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर युवक के परिजन तथा ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल शिवा को उपचार के लिए कानपुर हैलट अस्पताल में भर्ती कराया।जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।शिवा की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।परिजनों ने थाना डेरापुर में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।थाना प्रभारी संजेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।



