कानपुर देहातउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

अकबरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध असलहे के साथ शातिर युवक गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर बलिहारा मोड़ के पास घेराबंदी

कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अकबरपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को थाना अकबरपुर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से अवैध हथियार लेकर बाराजोड़ की तरफ से आ रहा है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बलिहारा मोड़ से कुछ दूरी पहले ही घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया।

पकड़े गए युवक ने अपना नाम प्रांशू यादव पुत्र हरपाल सिंह, निवासी हरसुन बांगर (सिकन्दरा) बताया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी कमर से एक अवैध देशी तमंचा (315 बोर) बरामद हुआ। अवैध हथियार रखने के संबंध में युवक कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

अकबरपुर पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। उपनिरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी का चिकित्सा परीक्षण कराने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी और आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

AD
Back to top button