फतेहपुरउत्तरप्रदेशफ्रेश न्यूज

फतेहपुर पुलिस ने 24 शातिर अपराधियों की खोली हिस्ट्रीशीट, हत्या और लूट जैसे गंभीर मुकदमों के आरोपियों की अब होगी चौबीसों घंटे निगरानी

एसपी के कड़े रुख के बाद जिले के विभिन्न थानों में सक्रिय 24 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है।

फतेहपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने एक बड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की है। एसपी के कड़े रुख के बाद जिले के विभिन्न थानों में सक्रिय 24 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई है। ये सभी ऐसे अभ्यस्त अपराधी हैं जिनके विरुद्ध जनपद फतेहपुर और अन्य पड़ोसी जनपदों के विभिन्न थानों में लूट, हत्या, गोवध, चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर प्रकृति के 135 से अधिक अभियोग पंजीकृत हैं।

 

पुलिस महानिरीक्षक और शासन की मंशा के अनुरूप अपराधियों की सतत निगरानी हेतु यह कदम उठाया गया है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब इन अपराधियों की प्रत्येक गतिविधि पर संबंधित थाना पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इस सूची में कोतवाली नगर से सुरेश कुमार, अरविन्द कुमार और गुलाब रसूल जैसे शातिर चोरों के नाम शामिल हैं। वहीं हुसैनगंज से उमेश कुमार लोधी और अंकित लोधी, बिंदकी से नीरज विश्वकर्मा और जकी उर्फ छोटेलाल के विरुद्ध हत्या और चोरी के कई मामले दर्ज होने के कारण उन्हें हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है।

 

कल्याणपुर थाने से राजन यादव, विवेक यादव और शिवम यादव जैसे अपराधियों पर लूट और चोरी के गंभीर आरोप हैं, जबकि जाफरगंज, थरियांव और हथगांय थानों से मुसाहिद, साहिबे आलम, मोहम्मद चांद बाबू, गुफरान, मोहम्मद एहसान और अच्छन कुरैशी जैसे आरोपियों की हिस्ट्रीशीट गोकशी के अपराधों में संलिप्तता के कारण खोली गई है। ललौली पुलिस ने भी दिनेश चन्द्र उर्फ बच्चू सिंह यादव (हत्यारोपी) और झब्बू सिंह (महिला संबंधी अपराध) जैसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

 

 

Related Articles

AD
Back to top button